हिसार : सुरक्षा के प्रति सतर्कता एवं तकनीकी संसाधनों का उपयोग अत्यंत आवश्यक : सिद्धांत जैन
अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने
की कवायद में पुलिस
एसपी ने विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों के
साथ की बैठक
हिसार, 18 जून (हि.स.)। जिले में सुरक्षा व्यवस्था
को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिले के सभी बैंक प्रबंधकों, ज्वेलरी शोरूम संचालकों, शराब ठेका संचालकों,
पेट्रोल पंप मालिकों, मेडिकल/केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, प्रधान कमीशन एजेंटों
तथा होटल एवं रेस्टोरेंट मालिकों ने भाग लिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार काे सभी संबंधित
संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ सुरक्षा प्रबंधों को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा उन्हें
अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा मानकों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश
दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सुरक्षा के प्रति सतर्कता एवं तकनीकी संसाधनों
का उपयोग अत्यंत आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी संस्थानों में उच्च गुणवत्ता वाले
सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा अलार्म सिस्टम, आपातकालीन संपर्क
नंबरों का प्रदर्शन तथा कर्मचारियों के सत्यापन जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने
पर विशेष बल दिया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस
को देने का आह्वान किया।
एसपी ने कहा कि पुलिस एवं नागरिकों के बीच बेहतर
समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है तथा आमजन के लिए सुरक्षित
वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन
को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर डीएसपी क्राइम, प्रभारी सुरक्षा शाखा
तथा सेना लिपिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर