कैथल में 600 कट्टे सब्सिडी वाली यूरिया सहित दो तस्कर गिरफ्तार, ट्रक जब्त
कैथल, 30 जुलाई (हि.स.)। कैथल में सब्सिडी वाले यूरिया की बड़े स्तर पर कथित तस्करी का मामला सामने आया है। सीवन थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 600 कट्टे कृषि योग्य सब्सिडी वाली यूरिया खाद बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी खाद के परिवहन से संबंधित कोई वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कृषि विभाग की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के समाना निवासी जोगा सिंह और यमुनानगर निवासी आसिफ अली के रूप में हुई है। पुलिस ने जिस ट्रक को कब्जे में लिया है, वह पंजाब नंबर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सीवन थाना पुलिस गांव गोहरा के पास नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में इफकाे कंपनी की 600 बोरियां यूरिया खाद मिली। पुलिस ने तुरंत कृषि विभाग को सूचना दी, जिसके बाद गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक भूपेंद्र सिंह और उपमंडल कृषि अधिकारी सतीश कुमार मौके पर पहुंचे।
कृषि अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में बरामद खाद भारत सरकार की सब्सिडी वाली कृषि योग्य यूरिया पाई गई। अधिकारियों ने ट्रक चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति से खाद के परिवहन संबंधी बिल और अन्य वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन दोनों कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद अधिकारियों ने खाद के नमूने लेकर उन्हें सील कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया। सीवन थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सब्सिडी वाली यूरिया कहां से लाई गई थी, इसे किसके लिए और किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे