रोहतक अग्निकांड में दस दुकानें जली, 2 जिंदा जले
दो युवकों के लापता होने की आशंका, पांच घंटे बाद पाया गया आग पर काबू
रोहतक, 09 जून (हि.स.)। शहर के सबसे पॉश इलाके में एसी का कंप्रेशर फटने से लगी आग से दस दुकानें जलकर राख हो गई। साथ ही एक दुकान से दो युवकों की झुलसी अवस्था में डेडबॉडी मिली है, जबकि दो अन्य की लापता होने की आशंका बनी हुई है। दमकल विभाग की गाड़ी करीब एक घंटा लेट पहुंचने का आरोप है। दुकानदारों का कहना है कि दमकल गाड़ी समय पर आ जाती तो कुछ हद तक नुकसान कम होता। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। इस दौरान सांसद दीपेंद्र हुड्डा सहित कई नेता मौके पर पहुंचे और दुकानदारों से मुलाकात की।
मंगलवार दोपहर को एक जूतों की दुकान में एसी का कंप्रेशर फटने से आग लग गई। देखते ही देखते आग अन्य दुकानों तक जा पहुँची और आग ने विकराल रुप ले लिया। सूचना पाकर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए, करीब पांच घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची और दुकानों के अंदर गई, टीम ने दो की शव बरामद किया और सर्च अभियान चलाए हुए है। दुकानदारों ने बताया कि अभी भी दो अन्य युवक लापता हैं। एनडीआरएफ की टीम उनकी तलाश में जुटी है। घटना की सूचना मिलने पर उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित भी मौके पर पहुंचे और इस बारे में पता किया। पुलिस अधीक्षक दमकल कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाते दिखे। आईजी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डी पार्क पर जिस जगह यह घटना हुई है, वहां से कुछ दूरी पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का आवास है। दमकल विभाग की करीब बीस गाड़ियों ने पांच घंटे की मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर मौके पर पहुंचे और लगभग 6 घंटे से अधिक समय तक घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति का जायजा लेते रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल