नूंह में 136 पेटी अवैध शराब के साथ यूपी का तस्कर गिरफ्तार
नूंह, 08 सितंबर (हि.स.)। नूंह सीआईए स्टाफ ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना सदर तावडू क्षेत्र के गांव कांगरका से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 136 पेटी अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब में 120 पेटी देशी तथा 16 पेटी अंग्रेजी शराब शामिल है।
सीआईए नूंह की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर गांव कांगरका के पास एक मारुति सुपर कैरी सीएनजी टेंपो को रोककर उसकी तलाशी ली गई। टेंपो में भारी मात्रा में शराब बरामद होने पर चालक को काबू कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम निवासी पनासा, थाना करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी राजेश शर्मा कॉलोनी, सूरज सिनेमा मस्जिद के पास, भिवाड़ी (राजस्थान) के रूप में हुई है। आरोपी शराब को भोगीपुर होते हुए चोपानकी, भिवाड़ी राजस्थान की ओर ले जा रहा था।
तलाशी के दौरान बरामद देशी शराब में संतरा मार्का की 30 पेटी पव्वा, 60 पेटी अद्धा और 30 पेटी बोतल शामिल हैं। वहीं अंग्रेजी शराब में रॉयल स्टैग, इम्पीरियल ब्लू, आइकोनिक व्हाइट और मैकडॉवल्स के विभिन्न पैक बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर तावडू में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में शराब की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया