बेमौसम बारिश से पलवल में फसलों को भारी नुकसान, खेतों में बिछी गेहूं-भीगी सरसों

 

पलवल, 20 मार्च (हि.स.)। जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। पककर तैयार गेहूं की फसल खेतों में जमीन पर बिछ गई है, जबकि कटी हुई सरसों की फसल भीगने से खराब हो रही है। कृषि विभाग के प्रारंभिक आंकलन के अनुसार 20 से 25 प्रतिशत तक फसलों को नुकसान पहुंचा है।

जिले में हुई बारिश के आंकड़ों के अनुसार होडल में 14 एमएम, पलवल में 13 एमएम, बहीन और हसनपुर में 12-12 एमएम तथा हथीन में 6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। यह बारिश उस समय हुई जब सरसों की कटाई जारी थी और गेहूं की फसल भी कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी।

इस वर्ष जिले में करीब 2.8 लाख एकड़ भूमि पर गेहूं और लगभग 17 हजार एकड़ में सरसों की बुवाई की गई थी। ऐसे में अचानक हुई बारिश ने बड़े क्षेत्र में फसलों को प्रभावित किया है।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार जिन खेतों में हाल ही में सिंचाई हुई थी, वहां तेज हवा और बारिश के कारण गेहूं की फसल पूरी तरह जमीन पर गिर गई है। इससे दानों की गुणवत्ता और चमक प्रभावित होगी। साथ ही, अब कटाई के लिए मशीनों की बजाय अधिक श्रम की जरूरत पड़ेगी, जिससे किसानों की लागत बढ़ेगी।

किसान रामबीर सिंह, समुंद्र सिंह, चौखराम, शिवराम जाखड़ और बिरेंद्र ने बताया कि उनकी सरसों की फसल कटकर खेतों में पड़ी थी और गेहूं कटाई के लिए तैयार थी। बेमौसम बारिश ने दोनों फसलों को नुकसान पहुंचाया है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग