हिसार : गुजवि में युवा महोत्सव ‘प्रबोधिनी’ का भव्य आगाज, हरियाणवी संस्कृति के रंगों में रंगा विश्वविद्यालय परिसर
तीन दिवसीय महोत्सव का प्रो. बीआर कम्बोज और प्रो. आरपी सैनी ने किया शुभारंभ
सात मंचों पर प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे विद्यार्थी
हिसार, 21 नवंबर (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
विश्वविद्यालय में शनिवार को 14वें विश्वविद्यालय स्तरीय युवा महोत्सव ‘प्रबोधिनी’ का भव्य एवं रंगारंग
आगाज हुआ। महाराणा प्रताप खेल स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में हरियाणा कृषि
विश्वविद्यालय, के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज व चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद
के कुलपति प्रो. आरपी सैनी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि गुजविप्रौवि के
कुलपति प्रो. विजय कुमार ने समारोह की अध्यक्षता की। ढोल-नगाड़ों की थाप, सांस्कृतिक
शोभायात्रा और लोक कलाओं की मनमोहक छटा के बीच अतिथियों का स्वागत किया गया। तीन दिवसीय
महोत्सव के पहले दिन ही विद्यार्थियों के उत्साह और प्रस्तुतियों ने विश्वविद्यालय
परिसर को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
मुख्यातिथि प्रो. बीआर कम्बोज ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं की प्रतिभा, कौशल
और रचनात्मकता को देखने का बेहतरीन अवसर है। भारतीय युवा स्वामी विवेकानंद को आदर्श
मानकर आगे बढ़ता है। उनका संदेश उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति
न हो जाए, युवाओं के लिए जीवन का प्रेरणास्रोत होना चाहिए।
चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के कुलपति प्रो. आरपी सैनी ने कहा कि विद्यार्थी
जीवन ऊर्जा, उमंग और आनंद से भरपूर होता है। युवा महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा
प्रदर्शित करने के साथ हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी देता
है।
गुजविप्रौवि के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि विद्यार्थी जीवन राष्ट्र
निर्माण में योगदान देने और भविष्य के भारत के निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण समय है।
युवाओं को इस समय का सदुपयोग करते हुए अपने व्यक्तित्व और प्रतिभा को निखारना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि गुरु गोबिंद सिंह विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के परीक्षा नियंत्रक
प्रो. गुलशन कुमार ने गुजविप्रौवि में बिताए अपने विद्यार्थी जीवन की यादें साझा करते
हुए कहा कि युवा महोत्सव देश की सांस्कृतिक विविधता को समझने और विभिन्न संस्कृतियों
के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम हैं। इनके जरिए सांस्कृतिक विरासत अगली पीढ़ी तक पहुंचती
है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि युवा महोत्सव के आयोजन से परिसर
में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है।
अधिष्ठाता प्रो. एमके शर्मा ने स्वागत संबोधन में
महोत्सव की तीन दिवसीय गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में
इस सांस्कृतिक उत्सव को लेकर जबरदस्त उत्साह है। आयोजन को नियमों, पारदर्शिता और उच्च
मापदंडों के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा। धन्यवाद प्रस्ताव सांस्कृतिक मामलों की निदेशक
डॉ. तरुणा ने प्रस्तुत किया। महोत्सव में विद्यार्थियों ने साहित्यिक, ललित कला और नाट्य विधाओं के माध्यम
से जहां अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं देश और समाज से जुड़े विभिन्न
मुद्दों को भी प्रभावशाली ढंग से उठाया। संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों में भारतीय
शास्त्रीय कला, लोक संगीत और हरियाणवी संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर