केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करनाल में सुनी प्रधानमंत्री के मन की बात
प्रधानमंत्री के विचार समाज में सकारात्मक परिवर्तन,जनसेवा को और अधिक सुदृढ़ करने वालेचंडीगढ़, 26 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को करनाल स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 136 वें संस्करण का श्रवण किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रेरक संबोधन में कारगिल विजय के अमर वीरों के अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान एवं राष्ट्र निष्ठा को नमन करते हुए देशवासियों को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने का प्रेरक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का शौर्य और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और सेवा को विकसित भारत की सशक्त आधारशिला बताते हुए प्रत्येक नागरिक से राष्ट्र निर्माण के अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के विचार समाज में सकारात्मक परिवर्तन, जनसेवा और राष्ट्र हित के प्रति नागरिकों की भागीदारी को और अधिक सुदृढ़ करने वाले हैं। इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, सांसद प्रतिनिधि कवींद्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र भी मौजूद रहे।
आम जनता की समस्याओं की सुनवाई, किया समाधान
केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को करनाल के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की तथा आम जनता की समस्याओं का समाधान किया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सभी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के विचार, सुझाव और जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरता एवं आत्मीयता के साथ सुना तथा उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनसंवाद हमारी लोकतांत्रिक परंपरा की सबसे बड़ी शक्ति है। जनता और कार्यकर्ताओं का विश्वास ही हमें निरंतर जनसेवा, विकास और सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा