जींद : 31 मार्च तक पेयजल बिल नही भरा तो कटेगे कनैक्शन : कर्मबीर सिंह
जींद, 30 मार्च (हि.स.)। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उपमंडल अभियंता कर्मबीर सिंह ने चेतावनी दी है कि पेयजल उपभोक्ताओं द्वारा 31 मार्च 2026 सायं पांच बजे तक पेयजल के बिल नही भरे तो उनके कनैक्शन काटे जाएंगे। जिला के शहर जींद, जुलाना, सफीदों, नरवाना व उचाना में पेयजल बिल रिकवरी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उपमंडल अभियंता कर्मबीर सिंह सोमवार को जींद शहर में चलाए जा रहे अभियान का औचक निरीक्षण करने के दौरान कर्मियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सभी शहरों में तीन से चार टीमों का गठन किया गया है जो घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को पेयजल बिल भरने के लिए जागरूक कर रही है। इसी के साथ सभी शहरों में ऑटोरिक्शा, रिक्शा, मंदिर, गुरूद्वारा व चौंकीदारों के माध्यम से भी मुनादी करवाई जा रही हैं। उपभोक्ताओं को 31 मार्च शाम तक बिल भरने के लिए कहा गया हैॅ ताकि उनके कनेक्शन काटने की नौबत ना आये। उन्होंने उपभोक्ताओं से कहा कि वे विभाग की बिल ब्रांच कार्यालय में भी बिल राशि जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता अपने फोन से या सीएससी सैंटर से भी ऑनलाइन पेयजल बिल भर सकते हैं। इस मौके पर जिला सलाहकार रणधीर मताना, कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार व प्रवेश कुमार, खंड समन्वयक दिनेश कुमार, बिल ब्रांच इंचार्ज विनोद कुमार, तरशेम, कपिल कुमार व अन्य टीम सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा