जींद : पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ विकास कार्यों को उतारा जा रहा धरातल पर : डा. मिड्ढा

 


जींद, 03 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने मंगलवार को अपने आवास पर जनता दरबार आयोजित कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ रंग व गुलाल लगा कर होली का पर्व हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक समस्या का समयबद्ध समाधान किया जाए और किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। डा. मिड्ढा ने कहा कि पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जींद विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्य प्रगति पर हैं। गांव हैबतपुर में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज शीघ्र ही पूर्ण होने वाला है। इसके शुरू होने से जींद सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर भी मिलेंगे। डा. मिड्ढा ने कहा कि जींद जिले को आठ राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ा गया है। जिससे क्षेत्र में व्यापार और उद्योग को नई गति मिलेगी। आने वाले समय में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि जींद शहर में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद प्रत्येक घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा