कैथल: सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत
कैथल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। चीका-पिहोवा रोड पर गांव भागल के पास हुए सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दोनों युवकों के शव पेट्रोल पंप के नजदीक सड़क पर पड़े मिले। मृतकों की पहचान गांव भागल निवासी 22 वर्षीय अजय और 18 वर्षीय संत कुमार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि इनके किसी दाेस्त ने नई बाइक ली थी, जिसकी पार्टी करने के लिए पांच युवक इकट्ठा हुए थे। एक बाइक पर दाे युवक और दूसरी पर तीन युवक।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब एक से तीन बजे के बीच हुआ। रात के समय दोनों युवक बाइक पर सवार होकर मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। राहगीरों ने पेट्रोल पंप के नजदीक सड़क पर दोनों युवकों के शव पड़े देखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को नागरिक अस्पताल भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतकों के मौसेरे भाई अक्षय ने बताया कि 18 वर्षीय संत कुमार तीन बहनों का इकलौता भाई था। करीब दो महीने पहले ही उसके पिता का निधन हुआ था। पिता की मौत के बाद परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अब बेटे की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। वहीं, 22 वर्षीय अजय की मां का भी करीब एक साल पहले निधन हो चुका था। दोनों युवक अविवाहित थे और हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गुहला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिव कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे