यमुनानगर:दो किशोर नहर में डूबे, एक की मौत

 




पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला

यमुनानगर, 9 जून (हि.स.)। हमीदा हेड के पास पश्चिमी यमुना नहर में नहाते हुए दो किशोर डूब गए। किसी तरह से एक को बचा लिया गया,जबकि दूसरा डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोतोखोरों की मदद से शव को ढूंढ निकाला। एक किशोर की डूबने से मौत पर स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। खड्डा कालोनी निवासी 11 वर्षीय मोहित अपने दोस्त 10 वर्षीय आजाद के साथ रविवार दोपहर को हमीदा हेड पर पहुंचा। यहां पर वह दोनों हमीदा हेड से कुछ ही दूरी पर नहर में नहाने लगे।

इसी दौरान नहाते हुए दोनों गहरे पानी में चले गए। उन्हें डूबता देख वहां पर नहा रहे अन्य युवक उन्हें बचाने के लिए उस ओर गए। इतने में मोहित को किसी तरह से बचा लिया गया लेकिन वह बेहोश हो गया,जबकि आजाद का कोई पता नहीं लगा। मोहित को तुरंत अस्पताल में ले जाया गया। जहां से उसे इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

आजाद के नहर में डूबने का पता लगते ही उसके स्वजन दौड़ पड़े। हमीदा चौकी इंचार्ज गुरदयाल भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। गोताखोरों को भी बुलाया गया। गोताखाेर राजीव ने अपनी टीम के साथ शव को बाहर निकाला।

हिन्दुस्थान समाचार/अवतार