पलवल में दो सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत, पांच घायल
पलवल, 14 सितंबर (हि.स.)। जिले में नेशनल हाईवे-19 और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीसरे हादसे में छह लोग घायल हो गए। हादसों की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामलों में शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिए गए।
पहला हादसा नेशनल हाईवे-19 स्थित बस स्टैंड चौक के पास हुआ। मथुरा के नगला परसादी निवासी दाताराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन हेमलता, जिनके पति का निधन हो चुका है, अपनी बेटी नैना के साथ सल्लागढ़ में रहती थीं। हेमलता अपनी बेटी के साथ दवाई लेने जा रही थीं। इसी दौरान वह बस स्टैंड चौक के पास पैदल हाईवे पार कर रही थीं। तभी तेज गति से आए बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर चोट लगने के कारण हेमलता की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दूसरा हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुआ। नई दिल्ली के मस्जिद मोठ निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी भतीजी काजल नई दिल्ली नगर निगम कार्यालय में कार्यरत थी। वह दोपहर करीब 12 बजे घर से कार्यालय के लिए निकली थी। रात करीब 11 बजे काजल की मां को फोन के माध्यम से हादसे की जानकारी मिली। स्वजन नूंह के नल्हड़ मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने काजल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसे के समय कार नई दिल्ली के महिलापुर निवासी सौरभ बिष्ट चला रहा था और काजल पीछे की सीट पर बैठी थी। स्वजन ने आरोप लगाया है कि यह सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि काजल की हत्या हो सकती है। उनका कहना है कि कार चालक को कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीसरा हादसा नेशनल हाईवे-19 पर गदपुरी टोल प्लाजा के आगे हुआ। फरीदाबाद के नीलम बाटा पुल निवासी अमित कुमार परिवार और रिश्तेदारों के साथ ऑटो में सवार होकर फरीदाबाद से अलीगढ़ एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान एक टाटा गाड़ी ने ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में ऑटो सवार मीना, पिंकी, सोनू, बिशंभर, राजकुमार और राजकपूर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर गदपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग