सिरसा: लाखों रुपये का चूरापोस्त बरामद, महिला सहित दो तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 29 मई (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये का चूरापोस्त बरामद किया है। आरोपियों में एक महिला तस्कर भी शामिल है और उनके कब्जे से 20 किलो 500 ग्राम चूरापोस्त पकड़ा है। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा प्रभारी सुखजीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान जिले के गांव प्रताप नगर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक कार आती दिखाई दी जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गई। पुलिस ने कार का पीछा कर कार को तलाशी के लिए रोक लिया। पुलिस ने जांच के दौरान कार से 20 किलो 500 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी जितेंद्र सिंह व रज्जोबाई के रूप में हुई। पुलिस ने कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ ऐलनाबाद थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

25 जुआरी गिरफ्तार, 5.71 लाख रुपये बरामद

सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने शहर सिरसा के चंडीगढिया मोहल्ला क्षेत्र में एक मकान पर दबिश देकर बड़े स्तर पर चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से मकान मालिक सहित 25 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 लाख 71 हजार रुपये की जुआ राशि बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ शहर थाना में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma