पलवल में दो सड़क हादसे: थार और ट्रैक्टर की टक्कर से तीन युवक घायल, दो की हालत गंभीर

 

पलवल, 23 मार्च (हि.स.)। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सोमवार को हुए दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना में जनाचौली गांव निवासी राहुल उर्फ धम्पू ने बताया कि वह अपने दोस्त नरेंद्र के साथ फरीदाबाद से नौकरी कर बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार थार गाड़ी के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया। नरेंद्र की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में रेफर किया गया। शहर थाना की हथीन गेट चौकी के जांच अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि राहुल की शिकायत पर थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

दूसरी घटना नूंह जिले के नगीना निवासी तौफीक की शिकायत पर दर्ज की गई। तौफीक ने बताया कि उसका भाई सुबीन अपने साले आरिस खान के साथ बाइक पर होडल जा रहा था। पुन्हाना मोड़ के पास रुकने के दौरान एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

इस हादसे में सुबीन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए उत्तर प्रदेश के कोसीकलां स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

होडल थाना पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसों के कारणों की जांच की जा रही है और दोषी चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग