सिरसा: रोडेवज बस से गिरे दो यात्री, एक की मौत
सिरसा, 24 जून (हि.स.)। जिले के डबवाली उपमंडल में रोडवेज बस द्वारा ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करते समय बस में सवार दो युवक नीचे गिर गए, जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों के गुस्से को देखते हुए चालक को अपने साथ थाना ले गई। यात्रियों ने चालक पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया है।
बस यात्रियों के अनुसार बस यात्रियों से भरी हुई थी और यात्री बस की खिडक़ी के पास खड़े थे। चालक लापरवाही से बस को बड़ी तेजी से दौड़ा रहा था। हरियाणा रोडवेज की यह बस मंगलवार देर शाम को डबवाली बस अड्डे से वाया जीवननगर होते हुए रानियां की तरफ जा रही थी। बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। यात्रियों के अनुसार गांव अलीकां में बस से कुछ यात्री उतरे। इसके बाद चालक ने बस को तेज गति से भगाना शुरू कर दिया। गांव मसीतां के पास तूड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करते समय बस की पिछली खिडक़ी ट्राली से टकरा गई। खिडक़ी के पास खड़े सतनाम सिंह व सुशील कुमार झटका लगने से संतुलन खो बैठे और नीचे गिर गए। यात्रियों का आरोप है कि बस की स्पीड ज्यादा होने के कारण ट्रैक्टर ट्राली को बस घसीटते हुए कुछ दूरी तक अपने साथ ले गई। यात्रियों ने इसका विरोध करते हुए पुलिस को सूचित कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद बस चालक भागने की कोशिश करने लगा। यात्रियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले किया। घायल सतनाम व सुशील कुमार को उपचार के लिए डबवाली के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान गांव मसीता निवासी सतनाम की मौत हो गई। सतनाम डबवाली में सैलून पर काम करता था। वहीं घायल सुशील कुमार गांव झूठीखेड़ा का रहने वाला है और डबवाली से अपने गांव लौट रहा था। बुधवार डबवाली के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरियाणा रोडवेज के डीआई रणवीर सिंह ने बताया कि हरियाणा रोडवेज की बस मंगलवार शाम डबवाली से जीवननगर व रानियां होते हुए सिरसा के लिए रवाना होती है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव अलीकां व मसीतां के बीच बस का ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली से संपर्क होने के कारण हादसा हुआ। बस को चालक सुनील चला रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma