पलवल में युवक का अपहरण कर चार उंगलियां काटने के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 14 दबोचे

 


पलवल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल जिले में युवक का अपहरण कर उसकी चार उंगलियां काटने का मामले में अपराध जांच शाखा की टीम ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस हिरासत पर लिया है।

पुलिस के अनुसार, होडल निवासी रुपेश ने शिकायत में बताया था कि छह जुलाई को वह अपने साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गांव शहदपुरा में एक परिचित के घर बैठा हुआ था। इसी दौरान चार-पांच गाड़ियों में सवार होकर 12 से अधिक युवक अवैध हथियारों के साथ वहां पहुंचे और गोली चलानी शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी रुपेश का जबरन अपहरण कर अपने साथ ले गए और उसके हाथ की चार उंगलियां काट दीं। इसके बाद आरोपी उसे होडल के हसनपुर चौक के पास सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

पुलिस ने इससे पहले 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त वाहन, देसी पिस्तौल, कारतूस और डंडे बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया था। इसके बाद से अपराध जांच शाखा की टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

अपराध जांच शाखा होडल प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने बुधवार को बताया कि उनकी टीम ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव ताहरपुर निवासी हिमांशु और सरजीत को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस हिरासत पर लिया गया है, ताकि उनसे अन्य फरार साथियों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग