पानीपत: पिता के लिए पानी लेने गई दो बच्चियां लापता
पानीपत, 26 जुलाई (हि.स.)। पानीपत की तहसील इसराना की अनाज मंडी से आठ साल की दो बच्चियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। दोनों बच्चियां किसान भवन से ठंडा पानी लेने गई थीं, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बावजूद जब दोनों बच्चियों का कोई सुराग नहीं लगा, तो मामले की सूचना इसराना थाना पुलिस को दी गई। मूल रूप से शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले दो प्रवासी परिवार पिछले करीब चार महीनों से इसराना की अनाज मंडी में बने शेड के नीचे रह रहे हैं। ये परिवार वहां रहकर फूल-झाडू बनाने का काम करते हैं। शिकायतकर्ता पिता ने पुलिस को बताया कि 25 जुलाई की शाम उनका परिवार और पड़ोस में रहने वाले उनके ही गांव के एक अन्य साथी का परिवार अनाज मंडी में शेड के नीचे बैठकर रोजाना की तरह झाडू बना रहे थे। झाडू बनाने के दौरान शाम को शिकायतकर्ता ने अपनी आठ वर्षीय बेटी और अपने साथी की हमउम्र बेटी को पीने का ठंडा पानी लाने के लिए पास ही स्थित किसान भवन में भेजा था।
दोनों बच्चियां पानी की बोतल लेकर किसान भवन की तरफ गईं, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटीं। जब बच्चियां काफी देर तक नहीं आईं, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने आनन-फानन में अनाज मंडी, किसान भवन और आसपास के पूरे इलाके में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन दोनों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी व अपहरण का मामला दर्ज कर दोनों बच्चियों की तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा