जींद : अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत

 


जींद, 11 जून (हि.स.)। जिला में अलग-अलग स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव छात्तर में मोहित की शादी थी। छात्तर गांव से बारात बड़ौदा जा रही थी। आर्टिगा गाड़ी में 9 युवक सवार थे। बुधवार देर रात को दिल्ली-पटियाला नेशनल हाइवे पर बड़ौदा गांव के पास आर्टिगा गाड़ी का टायर फट गया। जिसमें नौ युवक घायल हो गए। घायलों को परिजन हिसार अस्पताल में उपचार के लिए लेकर गए। जहां गांव छात्तर निवासी अंकुश व गांव करसिंधू निवासी दीपक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उचाना थाना प्रभारीचंद्रपाल ने बताया कि रात को सूचना मिली थी उचाना-बड़ौदा के बीच एक्सीडेंट हुआ है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को पहले उचाना नागरिक अस्पताल में लेकर गए। यहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों को रेफर किया गया है।

उधर, गांव बडनपुर निवासी बलवान तथा साहिल बुधवार रात नरवाना से बाइक पर सवार होकर गांव वापस लौट रहे थे। गांव के निकट ही सामने से आ रहे दूसरे बाइक ने उनके बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बलवान, साहिल तथा दूसरे बाइक पर सवार दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने चारों घायलों को नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने बलवान को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे बाइक सवार दोनों युवकों की हालात गंभीर देख अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। सदर थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सांैप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा