हांसी : ट्रक से टकराकर पेड़ से टकराई कार में लगी आग, बाल-बाल बचे दो दोस्त
ट्रक के कट मारने से बचाव के प्रयास में टकराई कार
हांसी, 24 जून (हि.स.)। हांसी में दिल्ली नेशनल हाईवे पर गीता चौक के पास सड़क
हादसा हो गया। हादसा आगे चल रहे ट्रक द्वारा अचानक कट मारने के कारण एक वेन्यू कार
अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के इंजन से चिंगारियां
निकलने लगीं और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि कार
सवार दोनों युवक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई। इस हादसे में एक डॉक्टर
घायल हो गया।
हिसार निवासी एडवोकेट विजय ने बुधवार को बताया कि वह अपने दोस्त डॉ. दीपक के
साथ मंगलवार रात पलवल से हिसार आ रहे थे। खरड़ फ्लाइओवर पार कर गीता चौक की ओर पहुंचने
पर आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक कट मार दिया। ट्रक से बचने के प्रयास में उनकी वेन्यू
कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद
कार के इंजन में आग लग गई, जिसने कुछ ही पलों में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।हादसे
के बाद दोनों दोस्त तुरंत कार से बाहर निकलने में सफल रहे। इस हादसे में घायल डॉ. दीपक
को उपचार के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज
जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
फायर ऑपरेटर राहुल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल वाहन भेजा गया और कड़ी मशक्कत के
बाद आग पर काबू पाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर