सोनीपत में सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, टक्कर मारकर वाहन चालक फरार

 




सोनीपत, 02 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत में ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के पास रविवार रात सड़क

हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों खरखौदा के गांव सोहटी के रहने वाले

थे। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों के शव सिविल

अस्पताल सोनीपत के शवगृह में रखवाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतकों की पहचान गांव सोहटी निवासी विजय (25) और दिनेश

(26) के रूप में हुई है। विजय मानेसर स्थित मारुति कंपनी में नौकरी करता था, जबकि दिनेश

प्लंबर का काम करता था। परिजनों के अनुसार, रविवार रात दिनेश अपने दोस्त विजय को बाइक

से हाईवे तक छोड़ने आया था। इसी दौरान ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के पास उनकी बाइक को अज्ञात

वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो

गई।गांव निवासी सत्यवान ने बताया कि विजय उनका भतीजा था। वह

12वीं पास था और अविवाहित था। परिवार में वह सबसे छोटा बेटा था। उसके परिवार में माता-पिता

और दो भाई हैं। मानेसर की मारुति कंपनी में नौकरी करके वह परिवार की आर्थिक मदद कर

रहा था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। दिनेश के पिता राजेश ने बताया कि उनका

बेटा प्लंबर का काम करता था। उसने 12वीं के बाद आईटीआई का कोर्स भी किया था। परिवार

में सबसे बड़ा होने के कारण घर की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसके परिवार में माता-पिता

और दो छोटे भाई हैं।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों

को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल सोनीपत पहुंचाया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई

की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन चालक का पता लगाने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना