नूंह में पांच हजार रिश्वत लेते बिजली निगम के दो कर्मचारी काबू

 


नूंह, 05 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने नूंह शहर में बिजली निगम के दो कर्मचारियों को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक महिला की शिकायत के आधार पर की गई है। दोनों आरोपितों को गोशाला रोड के समीप ट्रैप कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया। एसीबी प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फारुख निवासी गुलालता और सलमान निवासी सियापनकी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार फारुख उजीना फीडर पर कार्यरत है, जबकि सलमान नूंह स्थित बिजली निगम कार्यालय में क्लर्क के पद पर तैनात है।

शिकायतकर्ता ने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उसका बिजली बिल लगभग 44,000 आया है। बिल में संशोधन कराने तथा नया बिजली मीटर लगाने के एवज में बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा उससे 14,000 से 15,000 रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत का सत्यापन करने के उपरांत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान लाइनमैन फारुख तथा क्लर्क सलमान खान को शिकायतकर्ता से 5,000 की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। रिश्वत की राशि आरोपियों के वाहन से बरामद की गई। इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम में एफआईआर संख्या 26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पूर्णतः पालन किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया