सिरसा: दो नशा तस्कर सहित चार आरोपी गिरफ्तार

 


सिरसा, 03 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने जिला क्षेत्र से गुरुवार काे दो नशा तस्करों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से हेरोइन व अवैध पिस्तौल बरामद किया गया है। आरोपियों की पहचान संदीप सिंह, शिवम, हरजीत व गुरलाल के रूप में हुई है।

एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान सब्जी मंडी सिरसा से होते हुए खाजाखेड़ा रोड की तरफ जा रही थी। इसी दौरान एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया जो पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर युवक का पीछा कर उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नौ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सिरसा निवासी संदीप के रूप में हुई है।

इसके अलावा हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सिरसा यूनिट ने सिरसा क्षेत्र से आराेपी शिवम को 11 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी यूपी के जिला बरेली का निवासी है मगर सिरसा में रह रहा था। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि शिवम हेरोइन तस्करी का धंधा करता है जो कि हेरोइन बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर निगरानी एवं नाकाबंदी की। कुछ समय बाद सूचना में बताए गए हुलिए के अनुसार आरोपी को मौके पर काबू कर लिया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान यूपी के जिला बरेली निवासी शिवम के रूप में हुई जो कि सिरसा में किराये के मकान में रह रहा था।

सीआईए सिरसा पुलिस ने दो युवकों को एक अवैध पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस व एक लोहे का तेजधार कापे सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी हरजीत व गुरलाल पंजाब के जिला मानसा के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम जांच पड़ताल पर थी। शक के आधार पर तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक अवैध पिस्तोल, दो जिंदा कारतूस तथा एक लोहे का तेजधार कापा बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma