सिरसा: दो नशा तस्कर सहित चार आरोपी गिफ्तार

 


सिरसा, 27 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने जिला क्षेत्र से दो नशा तस्करों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छह किलोग्राम चूरापोस्त व एक अवैध पिस्तौल बरामद किया गया है। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा प्रभारी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव कुत्ताबढ़ क्षेत्र में मौजूद थी।

इसी दौरान एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से छह किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान भजन सिंह के रूप में हुई। इसके अलावा पुलिस ने हेरोइन तस्करी में वांछित आरोपी रवि कुमार को सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

सिरसा सदर थाना पुलिस ने गांव शेखूखेड़ा क्षेत्र से कार सवार एक युवक को 32 बोर के अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। एबीवीटी स्टाफ प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गांव शेखूखेड़ा क्षेत्र में मौजूद थी।

इसी दौरान सामने से एक कार आती दिखाई दी जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गई। पुलिस ने शक के आधार पर कार को रोका और तलाशी ली तो कार से 32 बोर का अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सिरसा निवासी लवप्रीत के रूप में हुई। सदर थाना पुलिस ने 315 बोर अवैध पिस्तौल बरामदगी के मामले में सप्लायर आरोपी करण सिंह को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma