सिरसा: दो नशा तस्कर सहित चार आरोपी गिरफ्तार

 


सिरसा, 25 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने जिला क्षेत्र से दो नशा तस्करों व दो झपटमारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी अभिषेक, मोहित, कुलदीप व गुलाब सिंह के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम शहर क्षेत्र में गश्त पर थी। गणपति स्मार्ट सिटी के पास दो युवक बाइक पर आते दिखाई दिए जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गए। संदेह होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया और दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से आठ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान अभिषेक व मोहित के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

उधर, पुलिस ने महिला के गले से सोने का लॉकेट छीना-झपटी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों कुलदीप व गुलाब सिंह को गिरफ्तार किया है। डिंग थाना प्रभारी ने बताया कि शेरपुरा निवासी बिमला देवी ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि बाइक सवार दो युवक उसके गले से सोने का लॉकेट छीन ले गए है। शिकायत पर थाना डिंग में छीना-झपटी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई । जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर सोने का लॉकेट बरामद किया जाएगा।

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जिले के डबवाली क्षेत्र में घर में घुसकर दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता के परिजनों ने महिला थाना डबवाली में शिकायत दर्ज करवाई थी। महिला थाना प्रभारी सुशीला देवी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से मामले के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma