सिरसा: लाखों रुपये के चूरापोस्त के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 12 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने जिले के रानियां कस्बा क्षेत्र से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 14 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ है, जिसकी बाजारी कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस टीम गांव सुल्तानपुरिया क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक बाइक पर प्लास्टिक का थैला लेकर आते दिखाई दिए जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गए। पुलिस ने शक के आधार पर बाइक का पीछा कर दोनों को काबू कर लिया।
तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 14 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी जसबीर सिंह व सोहन सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना रानियां में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड के दौरान नशा तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चेन तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी।
सदर डबवाली पुलिस टीम ने गांव भारूखेड़ा क्षेत्र में गश्त पड़ताल के दौरान एक बिना नम्बर प्लेट मोटरसाइकिल सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छह ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी की पहचान गिरीश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ सदर थाना डबवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma