सिरसा: लाखों की अफीम व चूरापोस्त सहित दो तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 30 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने जिल क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार दो तस्करों को लाखों रुपये की अफीम व चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 24 किलोग्राम चूरापोस्त व 220 ग्राम अफीम बरामद हुई है। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान खैरपुर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सामने से बाइक सवार दो युवक बाइक पर प्लास्टिक का थैला लेकर आते दिखाई दिए जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गए।

पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 24 किलोग्राम चूरा पोस्त व 220 ग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार किए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी रजनीश व राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी संदीप के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ठग एयरपोर्ट से गिरफ्तार

विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले इमीग्रेशन फ्रॉड गिरोह पर सिरसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने यूके भेजने के नाम पर 26 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में मुख्य आरोपी अमनदीप सिंह को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी था। वह लंदन से भारत लौटते ही इमीग्रेशन जांच के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों ने सिरसा जिले के गांव मौजू की ढाणी निवासी विनोद कुमार से विदेश भेजने के लिए पर करीब 26 लाख रुपये की ठगी की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma