सिरसा: लाखों की नशीली गोलियों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 02 जून (हि.स.)। पुलिस ने मेडिकल नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से कार सवार दो युवकों के कब्जे से नशीली गोलियों का जखीरा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख गोलियां व कैप्सूल बरामद किए गए हैं, जिनकी बाजारी कीमत 20 लाख रुपये आकी गई है।
एसपी दीपक सहारण ने मंगलवार को बताया कि पुलिस एवं औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिरसा शहर क्षेत्र से कार सवार दो युवकों गोगी व अजय को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान कार से प्रतिबंधित करीब एक लाख गोलियां व कैप्सूल बरामद हुए, जिनका दुरुपयोग युवा वर्ग द्वारा नशे के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। पकड़ी गई गोलियों को औषधि नियंत्रण विभाग के हवाले कर दिया गया है।
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि मेडिकल नशे का अवैध कारोबार समाज और विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल नशा बेचने वालों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सिरसा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि मेडिकल स्टोरों में बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के नशीली दवाइयां बेचने की शिकायत मिलने पर तुरंत जांच कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई कि नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि मेडिकल स्टोरों में अवैध रूप से नशीली दवाइयां बेचने की शिकायत मिलने पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma