सिरसा: पुलिस ने पकड़ी नशे की खेप, दो तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 05 मई (हि.स.)। पुलिस ने जिले के डिंग थाना क्षेत्र से नशे की खेप पकड़ी है। तस्कर झारखंड से नशा लेकर आए थे और सिरसा व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना पर दबिश देकर मौके से करीब 15 लाख रुपये की 54 किलोग्राम चूरापोस्त व डेढ़ किलोग्राम अफीम बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

डीएसपी संजीव बल्हारा ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव थेहड़ी बाबा सावन सिंह में एक युवक नशा तस्करी में संलिप्त है और अपने घर से नशीले पदार्थों का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस को एक युवक गली में खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस पार्टी को देखकर भागने लगा । पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मकान से 54 किलोग्राम चूरापोस्त व एक किलो 560 ग्राम अफीम बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए चूरापोस्त व अफीम की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है। तस्करों की पहचान सिरसा निवासी नवजीत सिंह व अर्शदीप के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना डिंग में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि नशीला पदार्थ झारखंड से लेकर आए थे और इसे सिरसा व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करना था। डीएसपी ने कहा कि नशा तस्करों के नेक्सस को तोडऩे के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma