पलवल के गदपुरी क्षेत्र में 40 ग्राम हेरोइन के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार

 

पलवल, 17 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फरीदाबाद यूनिट ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना गदपुरी क्षेत्र से दो आरोपियों को साेमवार काे 40 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गदपुरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरीदाबाद यूनिट के प्रभारी निरीक्षक संग्राम सिंह ने बताया कि एएसआई महेंद्र के नेतृत्व में टीम थाना गदपुरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गांव सोफता निवासी नाजिम नशीला पदार्थ बेचने का काम करता है। सूचना के अनुसार नाजिम ने गांव सोफता में सुहाना कैफे एंड जनरल स्टोर के पीछे एक झोपड़ी बना रखी थी और वहीं से नशीले पदार्थों की बिक्री करता था। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां नाजिम अपने साथी वसीम पुत्र यूनिस मैव निवासी गांव सोफता के साथ हेरोइन बेचते हुए मिला। पुलिस ने दोनों को काबू कर तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से कुल 40 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी हेरोइन कहां से लेकर आते थे और उनके साथ नशा तस्करी के नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस द्वारा सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग