हांसी में राजस्थान रोडवेज बस के पीछे से टकराईं दो कारें, दो घायल

 




हिसार, 25 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित

गीता चौक के समीप एक सड़क हादसे में राजस्थान रोडवेज की बस के पीछे दो कारें आपस में

टकरा गईं। हादसे में दोनों कारों के चालक घायल हो गए, जबकि बस में सवार सभी यात्री

सुरक्षित बताए जा रहे हैं। टक्कर के कारण दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त

हो गए।

जानकारी के अनुसार राजस्थान रोडवेज की बस सोमवार

शाम को दिल्ली से हनुमानगढ़ जा रही थी। गीता चौक के पास बने स्पीड ब्रेकर पर बस चालक

ने वाहन की रफ्तार धीमी की।

इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार बस से टकरा

गई। उसके तुरंत बाद पीछे आ रही दूसरी कार भी पहली कार में जा भिड़ी, जिससे हादसा और

बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी जोरदार

थी, जिससे सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते

ही डायल-112 और शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराया।

बस चालक

गुरमीत ने बताया कि गीता चौक पर ब्रेकर होने के कारण उसने बस की गति धीमी की थी। इसी

दौरान पीछे से आ रही कारें नियंत्रण नहीं रख सकीं और बस से टकरा गईं। डायल-112 इंचार्ज राजेंद्र ने बताया कि शुरुआती

जांच में सामने आया है कि बस के पीछे चल रही दो कारें आपस में टकराई हैं। हादसे में

दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर