हिसार में कार की टक्कर से बाइक सवार दो भाइयों की मौत
कार की अधिक स्पीड की वजह से दूसरी तरफ जा गिरी
बाइक
हिसार, 27 मई (हि.स.)। आजाद नगर थाना क्षेत्र
के गांव पनिहार चक के पास हुई दुर्घटना में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई।
यह हादसा कार चला रही युवती द्वारा बाइक को टक्कर मार देने से हुआ। दोनों भाई नलवा
गांव के रहने वाले थे और रावलवास कलां में रिश्तेदारी में शोक प्रकट करने जा रहे थे।
कार की स्पीड इतनी तेज थी कि बाइक दूसरी लाइन पर जा गिरी और कार चालक युवती दोनों भाइयों
को 500 मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गई जिस कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार मृतक 68 वर्षीय
राजपाल व 56 वर्षीय जयसिंह नलवा गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कार में सवार
एक परिवार शहर से खाटू श्याम जा रहा था। बाद में परिवार आटो में सवार होकर वापस अपने
घर आया। सूचना मिलने पर आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का नागरिक
अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस
दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नागरिक अस्पताल में मौजूद नलवा गांव के रहने
वाले सुरेश कुमार ने बताया कि भाई राजपाल और जयसिंह का परिवार एक साथ रहता है। दोनों
खेतीबाड़ी करते थे। बुधवार को दोनों भाई सुबह बाइक पर रावलवास कलां गांव में शोक प्रकट
करने के लिए गए थे। जब वे पनिहार चक्क चौक के पास पहुंचे तो शहर की ओर से तेज रफ्तार
से आ रही हैरियर गाड़ी ने सीधे बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बार कार दोनों
भाइयों को 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिस कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और
बाइक दूसरी ले पर जा गिरी। परिजनों के अनुसार कार को एक युवती चला रही थी। वहां से
गुजर रहे राहगिरों ने एंबुलेंस को सूचना दी, जिस पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों
को नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में लेकर आई। जहां पर जांच के बाद चिकित्सकों
ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचे एंबुलेंस चालक को घायलों के पास
फोन मिला। उस फोन पर आई आखरी काल पर बात करने पर पता चला कि वह फोन रावलवास कलां में
किसी के पास मिला। उसके बाद पता चला कि दोनों नलवा गांव के रहने वाले हैं। इसके बाद
परिजनों को फोन करके दुर्घटना की जानकारी दी गई। जब तक परिजन अस्पताल पहुंचे, तब तक
दोनों की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि राजपाल और जयसिंह के दो-दो
बच्चें हैं। राजपाल के एक बेटे का एक साल पहले देहांत हो गया था। दोनों भाई गांव में
खेतीबाड़ी का काम करते थे। दोनों भाइयों की मौत के बाद गांव में शोक की लहर है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर