हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार, सप्लायर भी दबोचा

 


यमुनानगर, 12 नवंबर (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 45 ग्राम स्मैक के साथ बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य मामले में 65 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपी को नशा सप्लाई करने के आरोप में एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक उत्तर प्रदेश से नशीला पदार्थ लेकर बाइक पर कलानौर के रास्ते हरियाणा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम गठित कर नाकाबंदी की गई। इस दौरान बाइक सवार दोनों युवकों को काबू कर लिया गया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाकर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें 45 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

आरोपियों की पहचान मंडेबर निवासी अंकित और ससोली निवासी सचिन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एक अन्य कार्रवाई में टीम ने उत्तर प्रदेश के समसपुर कला निवासी आसिफ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 को अर्शदीप को 65 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में अर्शदीप ने खुलासा किया था कि वह नशीला पदार्थ समीर से लेकर आया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समीर को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार