सोनीपत: पुलिस की वर्दी पहन लाखों लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

 


सोनीपत, 20 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत

पुलिस ने केएमपी एक्सप्रेसवे पर उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी पहनकर कैंटर चालक से करीब

12 लाख रुपये लूटने के मामले का खुलासा करते हुए सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार

किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया

था। मामले में अन्य आरोपियों और पूरे गिरोह की तलाश जारी है।

एसीपी

मलकीत सिंह ने बताया कि पीड़ित अमित 13 जुलाई को उत्तर प्रदेश से पुरानी बैटरियों का

स्क्रैप लेकर दिल्ली गया था। स्क्रैप बेचने के बाद वह बिक्री की रकम लेकर मालिक के

पास लौट रहा था। शाम को जब वह कुंडली बॉर्डर के पास केएमपी एक्सप्रेसवे पर पहुंचा,

तभी दो बाइक सवारों ने उसका रास्ता रोक लिया। इनमें से एक ने उत्तर प्रदेश पुलिस की

वर्दी पहन रखी थी। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर पूछताछ की और चालक को झांसे में

लेकर उसके पास मौजूद करीब 12 लाख रुपये लूट लिए।

वारदात

के बाद आरोपी चालक को थाने जाकर शिकायत करने की सलाह देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित

की शिकायत पर 14 जुलाई को मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए क्राइम यूनिट

और एसयूएजी की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और

स्थानीय सूचनाओं के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ

में सामने आया कि आरोपियों में से एक पर भारी कर्ज था। कर्ज चुकाने के लिए उसने लूट

की योजना बनाई। आरोपियों को पहले से जानकारी थी कि स्क्रैप कारोबारी और चालक इस मार्ग

से बड़ी रकम लेकर गुजरते हैं, जिसके आधार पर वारदात की साजिश रची गई।

पुलिस

के अनुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

शुरुआती जांच में दोनों के उत्तर प्रदेश का रहने वाला होना सामने आया है। एसीपी मलकीत

सिंह ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों और संभावित गिरोह की भूमिका की जांच जारी

है तथा जल्द ही और खुलासे होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना