नूंह: मुठभेड़ में दो गो-तस्कर ढेर, एक आरोपी व पुलिस कर्मी घायल

 


नूंह, 15 नवंबर (हि.स.)। नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में रविवार तड़के गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस व गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में दो आरोपियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य आरोपी और एक पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से सात गोवंशों को मुक्त कराने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप गाड़ी और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सदर फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे सीएस स्टाफ की टीम गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान कथित गो-तस्करों और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान हुई गोलीबारी में तीन आरोपी घायल हो गए। पुलिस तीनों को उपचार के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान साबिर निवासी फोंदाबास बीवां और गब्बर उर्फ हाड़िया निवासी शालमपुर, राजस्थान की मौत हो गई। वहीं, ताहिर पुत्र अहमद निवासी घाटमीका, जिला डीग (राजस्थान) घायल है। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से राजस्थान नंबर की पिकअप गाड़ी बरामद की। पिकअप में सात गोवंश लदे हुए थे, जिन्हें पुलिस ने मुक्त कराया। इसके अलावा घटनास्थल से तीन देसी कट्टे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और पांच खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद पिकअप, गोवंश और हथियारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मुठभेड़ के दौरान हुई गोलीबारी, घटनाक्रम और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का गो-तस्करी और अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया