जींद : ऑनलाइन फ्रॉड में तीन साल से फरार आरोपित गिरफ्तार
जींद, 25 मई (हि.स.)। साइबर थाना जींद पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी में लाखों रुपये हड़पने के मामले में तीन साल से फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
थाना साइबर क्राईम जींद के प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीप सिंह ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि अर्बन एस्टेट निवासी संजीव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके मोबाइल पर एक अन्य मोबाइल नंबर से कॉल आई ओर कहा कि वह उसके खाते में कुछ पैसे ट्रांसफर कर रहा है तथा एक या दो दिन बाद वापस ले लेगा। क्योंकि उसका पेटीएम काम नहीं कर रहा है। इसी प्रकार उसे विश्वास में लेकर उसके खाते से कुल पांच लाख 43 हजार रुपये की राशि निकाल ली गई थी। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राईम जींद ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर मथुरा उत्तर प्रदेश निवासी नरेंद्र व मोमू के नाम सामने आए थे। जिस पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। इन्होंने पूछताछ में आरोपित शाहरुख का नाम बताया था। जो फरार चल रहा था। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने गांव सांचोली, मथुरा (उत्तर प्रदेश) निवासी शाहरूख को नियमानुसार गिरफ्तार करके आरोपित कि निशानदेही पर दो हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस शाहरूख से पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा