सिरसा: युवक की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

 

सिरसा, 04 सितंबर (हि.स.)। जिले के डबवाली शहर क्षेत्र में हुई एक युवक की हत्या मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान गुरमीत व प्रकाश के रूप में हुई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा हत्या के पीछे के कारण, वारदात में इस्तेमाल किए गए साधनों तथा घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की पुलिस गहनता से जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि दो सितम्बर को डबवाली निवासी रवि बस अड्डे के पीछे लहूलुहान हालत में मिला था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि मृतक रवि के पिता ने डबवाली शहर थाना में दी गई शिकायत में बताया कि रवि शाम घर से बाहर गया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की गई तो रवि घायलावस्था में एक खाली प्लाट में मिला। उपचार के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि रवि की हत्या की गई है। पुलिस ने जांच शुरू की और चंद घंटों में ही आरोपियों गुरमीत सिंह व प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा पुलिस द्वारा हत्या के पीछे के कारण व घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma