हिसार : दिवाली की रात ढाबे पर युवक की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
मनदीप और उसके साथियों पर चाकू से किया था हमला
बरवाला के पंकज और अजीज खान पकड़े गए, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
हिसार,
10 नवंबर (हि.स.)। दिवाली पर खरीदारी करने बरवाला आए मतलोढा निवासी युवक मनदीप की चाकू
से हमला कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार काे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार
आरोपियों की पहचान बरवाला निवासी पंकज और अजीज खान के रूप में हुई है। पुलिस वारदात
में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मामले के अनुसार, गांव सुदकैन कलां निवासी अमित ने पुलिस को शिकायत दी थी कि
आठ नवंबर को वह अपनी बहन के घर गांव मतलोढा आया हुआ था। उसी शाम उसका जीजा मनदीप अपने
दोस्तों सचिन और नसीब के साथ मोटरसाइकिल पर दिवाली की खरीदारी करने बरवाला बाजार गया
था। अमित भी अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर उनके पीछे बाजार पहुंचा था। खरीदारी के बाद मनदीप अपने दोस्तों के साथ दौलतपुर चौक के पास अमन ढाबे पर
खाने-पीने के लिए रुक गया। इसी दौरान कुछ युवक धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचे और मनदीप
व उसके साथियों पर हमला कर दिया। हमले में मनदीप सहित उसके साथी गंभीर रूप से घायल
हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अधिक खून बहने के कारण मनदीप की मौत हो गई,
जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हथियारों की बरामदगी और हमले के कारणों की होगी पूछताछ
बरवाला थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ने मंगलवार काे बताया कि हत्या का मामला दर्ज होने
के बाद विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस चौकी बरवाला प्रभारी उप निरीक्षक राजबीर
की टीम ने कार्रवाई करते हुए पंकज और अजीज खान को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को
अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल
हथियारों की बरामदगी, हमले के कारणों और अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर पूछताछ
की जाएगी। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
ज्ञात रहे कि आठ नवंबर को चार-पांच युवकों ने चाकू से हमला कर गांव मतलोढ़ा
निवासी करीब 40 वर्षीय मनदीप की हत्या कर दी, जबकि उसके साथी को घायल कर दिया था। वह अभी अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन है। पुलिस ने मृतक के साले अमित के बयान पर
आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। इसी मामले में
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर