हांसी : बस से 40 किलो चांदी चोरी के आरोप में मध्यप्रदेश से दो आरोपी गिरफ्तार
10 किलो 930 ग्राम चोरीशुदा चांदी बरामद, दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे
हांसी, 21 जुलाई (हि.स.)। अपराध शाखा-2 (सीआईए-2) हांसी ने बस से करीब 40 किलो
चांदी चोरी के चर्चित मामले का खुलासा करते हुए मध्य प्रदेश के दो शातिर आरोपियों को
गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 10 किलो 930 ग्राम चोरीशुदा चांदी
भी बरामद की है।
सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि इस संबंध में फतेहाबाद
निवासी दीपक की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार उसका कारीगर नवीन
मथुरा से लगभग 40 किलो चांदी लेकर बस से फतेहाबाद लौट रहा था। कि बस हांसी के निकट
एक होटल पर रुकने के दौरान कोई चांदी से भरा बैग चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत मिलने
के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए-2 की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया
और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का गहन विश्लेषण तथा
लगातार तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने मध्य प्रदेश
के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के धार जिले
के पराया फाटा वार्ड नंबर-1 निवासी हैदर अली व इसी जिले के गांव खैरवा निवासी जुबेर
खान के रूप में हुई है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर छह दिन
के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात
स्वीकार कर ली और अपनी निशानदेही पर चोरी शुदा चांदी बरामद करवाई। जांच अधिकारी ने
बताया कि आरोपी जुबेर खान की निशानदेही पर 4 किलो 648 ग्राम तथा हैदर अली की निशानदेही
पर 6 किलो 282 ग्राम चांदी बरामद की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 10 किलो 930 ग्राम
चांदी बरामद कर अपने कब्जे में ली। पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद दोनों आरोपियों
को दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस मामले में अन्य आरोपियों तथा शेष चोरीशुदा चांदी की बरामदगी को लेकर जांच जारी
रखे हुए है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर