सोनीपत: घने कोहरे में ट्रक पलटा, दर्जनों वाहन टकराए
-सैकडों वाहन फंसे, चार घंटे की मशक्कत
के बाद यातायात बहाल हुआ
सोनीपत, 21 मार्च (हि.स.)। सोनीपत
जिले के गन्नौर क्षेत्र में शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे-44 पर बड़ा
सड़क हादसा हो गया। दृश्यता अत्यंत कम होने से एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए।
फ्लाईओवर पर यह दुर्घटना उस समय हुई जब वाहन चालकों को आगे चल रहे वाहनों का अंदाजा
नहीं लग पाया। इसी
दौरान दिल्ली की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे स्थिति और गंभीर
हो गई।
ट्रक के पलटते ही उसके पीछे आ रहे वाहन आपस में भिड़ते चले गए। इस हादसे में
दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रक चालक को हल्की चोटें आईं, जिसका उपचार चल रहा
है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। दिल्ली की ओर जाने
वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सैकड़ों वाहन चालक घंटों तक जाम में फंसे
रहे, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना
मिलते ही पुलिस और यातायात पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते
हुए वाहनों को सर्विस लेन की ओर मोड़ा, ताकि जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
राहत और बचाव कार्य के लिए चार क्रेन मंगवाई गईं, जिनकी सहायता से पलटे ट्रक और क्षतिग्रस्त
वाहनों को हटाया गया।
करीब
चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को साफ कर यातायात बहाल किया गया। इसके बाद धीरे-धीरे
स्थिति सामान्य हो पाई और वाहन चालकों को राहत मिली। शुक्रवार रात से ही क्षेत्र में
कोहरा छाया हुआ था। शनिवार सुबह दृश्यता कई स्थानों पर 5 से 10 मीटर तक सीमित रही।
इससे हाईवे के साथ-साथ ग्रामीण सड़कों पर भी आवागमन प्रभावित हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना