यमुनानगर:ट्रक-बाइक टक्कर में युवक की मौत, साथी गंभीर

 

यमुनानगर, 19 जून (हि.स.) यमुनानगर जिले के साढ़ौरा-मुलाना मार्ग पर गांव कनीपला के समीप हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

मृतक की पहचान गांव सरदेहड़ी निवासी 28 वर्षीय गुरमीत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुरमीत अपने साथी प्रवीन के साथ काम समाप्त करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान कनीपला गांव के पास उनकी बाइक आगे जा रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। दुर्घटना में गुरमीत को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि प्रवीन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और स्वास्थ्य सेवाओं को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों की सहायता से घायल प्रवीन को बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साढ़ौरा पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जगाधरी के नागरिक अस्पताल भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार