झज्जर : समाज सेवा की मिसाल थे राज्य के पहले मुख्यमंत्री भगवत दयाल शर्मा : कार्तिकेय
झज्जर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा ने कहा है कि राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री व महान स्वतंत्रता सेनानी रहे पंडित भगवत दयाल शर्मा राजनीति में समाज सेवा और ईमानदारी की मिसाल थे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों, सिद्धांतों और त्याग की भावना को अपने जीवन में अपनाएं और प्रदेश और देश के विकास में योगदान दें।
सांसद कार्तिकेय रविवार को पंडित भगवत दयाल शर्मा की 33वीं पुण्यतिथि पर उनकी जन्मस्थली बेरी कस्बे में आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्य अतिथि सांसद कार्तिकेय शर्मा ने स्व पंडित भगवत दयाल शर्मा के समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान का स्मरण किया। इस दौरान एसडीएम रेणुका नांदल व पंडित भगवत दयाल शर्मा ट्रस्ट की अध्यक्ष आशा शर्मा ने स्व. पंडित भगवत दयाल शर्मा को नमन करते हुए युवा पीढ़ी से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्तिकेय ने कहा कि पंडित भगवत दयाल शर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और हरियाणा के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखी। उनका जीवन समाज सेवा, ईमानदारी और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित रहा। उनकी विचारधारा का मूल आधार यह था कि विकास केवल भौतिक प्रगति तक सीमित न रहकर भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने व्यक्ति, समाज और प्रकृति के बीच संतुलन और सामंजस्य पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंडित जी के परिवार जन आशा शर्मा द्वारा उनके कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, यह एक सराहनीय कदम हैं। सांसद शर्मा ने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे हॉल निर्माण कार्य में हर संभव मदद करने की घोषणा करते हुए कहा कि इस हॉल में जरूरतमंद बच्चों के लिए स्मार्ट क्लास भी शुरू करें ताकि गरीब बच्चों को शिक्षा का अवसर मिले। उन्होंने पंडित भगवत दयाल शर्मा स्मृति स्थल के जीर्णोद्धार के लिए ट्रस्ट प्रतिनिधियो को हर संभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया। इस दौरान उन्होंने बेरी उपमंडल में बाल विवाह मुक्त अभियान रथ पर हस्ताक्षर कर लोगों को बाल विवाह रोकने और समाज को जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. पंडित भगवत दयाल शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर हरियाणा ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष सतीश गौतम, नपा चेयरमैन देवेंद्र उर्फ बिल्लू पहलवान, मार्केट कमेटी बेरी के चेयरमैन राजेंद्र शर्मा, पूर्व चेयरमैन मनीष शर्मा नम्बरदार, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, बेरी ब्राह्मण महासभा के प्रधान सुभाष शर्मा व गोसेवा आयोग के पूर्व सदस्य संत कुमार व नीलम अहलावत सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज