सोनीपत:पुलिस की मौजूदगी में 500 टन कचरा उठाकर बिजली उत्पादन प्लांट में पहुंचाया
सोनीपत, 04 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत
में सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते निगम अधिकारियों ने बीती रात भारी पुलिस फोर्स के
साए में दो दर्जन से ज्यादा स्थानों से लगभग 500 टन कूड़ा उठाकर मुरथल स्थित कूड़े
से बिजली बनाने वाले प्लांट तक पहुंचाया, जिससे आमजन ने राहत की सांस ली। कूड़े की समस्या
को देखते हुए निगम द्वारा लगातार अभियान चलाया जायेगा।
गुरुवार
की पूरी रात से शुक्रवार सुबह तक दर्जनों ट्रैक्टर ट्रालियों एवं डोजर की मदद से कूड़ा
उठाने का अभियान शुरू किया गया। सबसे पहले सेक्टर 23 के डंपिंग यार्ड को खाली करवाया
गया। उसके बाद तिरंगा चौक, सुभाष स्टेडियम, महलाना रोड़, मिशन चौक, गुड़ मंडी, आर्य नगर,
ओल्ड रोहतक रोड़, कालूपुर चुंगी, ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया, टाटा मोटर्स, आई टी आई चौक,
एटलस रोड़, रेस्ट हॉउस, बस स्टेंड, कपड़ा मार्केट, बीज मार्केट, नंदवानी नगर, हेम नगर, सिक्का कॉलोनी, भोगल अस्पताल के सामने, सब्जी मंडी के पास से कूड़े के ढेर हटवाए गए।
सफाई
कर्मियों की एक महीने से चल रही हड़ताल के चलते हर स्थान पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर
लग गए थे। सेक्टर 23 और बाबा धाम के पीछे वाले डंपिंग पॉइंट पूरी तरह से भर गए थे।
तीन दिन पहले सफाई करवाने के दौरान हड़ताली कर्मचारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में
कूड़ा उठवाने वाली गाड़ियों के टायरों में पंचर कर दिया था त्तथा कूड़े की ट्राली बस अड्डे
के पास पलट दी थी। पुलिस ने हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज करके गिरफ्तार कर
लिया था। रात को ज्यादा पुलिस बल के साथ कूड़े को उठवाने का काम किया गया।
मेयर
राजीव जैन ने कहा कि सरकार ने सफाई कर्मियों की ज्यादातर मांगे मान ली है। आमजन की तकलीफ
को देखते हुए कूड़ा उठाने का काम किया गया है। दुकानदारों से भी अपील है की जगह-जगह
कूड़ा डालने के बजाए बाजार में एक ही स्थान पर कूड़ा इकट्ठा कर ले ताकि मशीनों से उठाया
जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना