नूंह में दर्दनाक सड़क हादसा, एक होमगार्ड जवान की मौत, दो घायल
नूंह, 03 जून (हि.स.)। नूंह जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में होमगार्ड जवान की मौत हो गई, जबकि दो अन्य जवान घायल हो गए। यह हादसा दिल्ली-अलवर रोड पर बॉडी कोठी के पास उस समय हुआ, जब नूंह पुलिस लाइन से ड्यूटी पूरी कर तीनों होमगार्ड जवान फिरोजपुर झिरका लौट रहे थे।
मृतक की पहचान राजकुमार निवासी गांव रावली के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। राजकुमार स्वयं कार चला रहा था। कार में उसके साथ होमगार्ड जवान आरिफ और महेश भी सवार थे।
बताया जा रहा है कि तीनों जवान मंगलवार की रात नूंह पुलिस लाइन में अपनी आमद दर्ज कराने के बाद कार से फिरोजपुर झिरका की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बॉडी कोठी के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरिफ और महेश घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांड़ी खेड़ा अस्पताल भिजवा दिया गया।
मामले की जांच कर रहे एएसआई यादराम ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया