पलवल में दर्दनाक हादसा: खुले बुस्टर टैंक में डूबने से 11 वर्षीय मासूम की मौत, निर्माण कंपनियों पर केस
पलवल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के कैलाश नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन बुस्टर के खुले पानी के टैंक में गिरकर 11 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मामले में कैंप थाना पुलिस ने निर्माण कार्य कर रही दो कंपनियों के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला उटावा के करनगंज निवासी रीना पत्नी जगदीश वर्तमान में कैलाश नगर में किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रहती हैं। रीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 फरवरी की देर रात उनका 11 वर्षीय बेटा शिवम घर से खेलने के लिए निकला था। खेलते समय शिवम पास ही बन रहे गोविंद नगर बूस्टर परिसर में पहुंच गया। वहां पानी के टैंक के ऊपर बने होल पर न तो ढक्कन लगाया गया था और न ही कोई सुरक्षा जाली थी। इसी दौरान शिवम का पैर फिसल गया और वह सीधे खुले टैंक में जा गिरा। पानी अधिक होने के कारण उसकी डूबने से मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की मां रीना ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार निर्माण कार्य कर रही कंपनियों से टैंक को ढकने की मांग की थी, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाते तो उनके बेटे की जान बच सकती थी।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने शुक्रवार को बताया कि शिकायत के आधार पर हरिओम इंजीनियर मैसर्ज होरिकाम इंजीनियर्स और सिल्पा होरिकाम जेवी हैदराबाद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग