नूंह: सड़क हादसे में तीन माह के मासूम की मौत, मां घायल

 


नूंह, 17 अगस्त (हि.स.)। नूंह-होडल रोड पर पेप्सी कंपनी से आगे एक दर्दनाक हादसे में तीन माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार पलवल जिले के गांव रूपडाका निवासी इम्तियाज अपनी पत्नी नजमा और तीन माह के बच्चे के साथ गांव शाहपुर नगली नूंह जा रहा था। बताया गया कि नूंह-होडल रोड पर पेप्सी कंपनी से आगे पहुंचने के दौरान बच्चा अचानक अपनी मां के हाथ से सड़क पर जा गिरा। सड़क पर गिरने से बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इसी दौरान पीछे से ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। चालक ने सड़क पर बच्चे को देखकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बच्चे की मां नजमा गंभीर रूप से घायल हो गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने घायल महिला को तत्काल नल्हड़ मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जयसिंहपुर चौकी प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नूंह भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया