सिरसा: भय व डर दिखाकर व्यापारियों को किया जा रहा नाजायज तंग: बजरंग गर्ग
सिरसा, 29 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि जीएसटी विभाग के कुछ सरकारी अधिकारी अपने निजी स्वार्थ के लिए व्यापारियों को नाजायज तंग कर रहे हैं। हरियाणा में जगह-जगह चेकिंग का डर दिखा कर व्यापारियों से पैसे ऐंठने का काम किया जा रहा है। जीएसटी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदेश के व्यापारियों में बड़ा भारी रोष है।
केंद्र व प्रदेश सरकार को जीएसटी विभाग के जो भी भ्रष्ट अधिकारी है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। गर्ग बुधवार को सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बजरंग गर्ग ने कहा कि व्यापारी व उद्योगपति हर राज्य की रीढ़ की हड्डी होती है, अगर व्यापारी व उद्योगपति भय के वातावरण में काम करेगा तो निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में गलत प्रभाव पड़ेगा।
सरकार को भ्रष्ट अधिकारियों पर नकेल डालनी चाहिए, ताकि व्यापारी बिना डर के व्यापार कर सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल टैक्स चोरी, फर्जी बिलिंग करने वालों के खिलाफ है, मगर ईमानदार व्यापारी व उद्योगपतियों को नाजायज तंग करना सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि कुछ भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा व्यापारियों का शोषण करने से व्यापारियों में भारी नाराजगी है जिसे किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा अगर जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने निजी स्वार्थ के लिए प्रदेश के व्यापारियों को नाजायज तंग किया तो उसके खिलाफ व्यापार मंडल सडक़ों पर आंदोलन करेगा।
बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा में लगातार अपराध बढ़ रहा है। अपराधी खुले आम व्यापारी व उद्योगपतियों से फिरौती, मंथली, लूटपाट व हत्याओं की वारदातें कर रहे हैं, जिसके कारण प्रदेश का व्यापारी अपनी जान माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से भयभीत है। सरकार को अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए कठोर से कठोर कदम उठाने की जरूरत है। इस मौके पर जिला प्रधान हीरालाल शर्मा, आनंद बियानी, अंजनी कनोडिया, कीर्ति गर्ग, अनिल सर्राफ, सुरेश गोयल, विमल स्वामी,अरुण जैन आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma