हरियाणा के पर्यटन स्थलों, जेलों पर जगाए जाएंगे ‘आशीर्वाद के दीए’
‘एक दीया-एक आशीर्वाद’ के साथ प्रदेशभर में होंगे विशेष आयोजन
चंडीगढ़, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर प्रदेशभर में ‘एक दीया-एक आशीर्वाद’ की भावना के साथ विशेष आयोजन किए जाएंगे। प्रमुख पर्यटन परिसरों एवं चयनित पर्यटन स्थलों के साथ सहकारिता विभाग की प्रमुख संस्थाओं, विरासत एवं ऐतिहासिक स्थलों तथा प्रदेश की जेलों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर डॉ. अरविंद शर्मा ने वीडियो संदेश जारी करते हुए प्रदेशवासियों से सेवा, संकल्प और जनभागीदारी की इस मुहिम से जुडऩे का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हो रहा यह अभियान सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी भागीदारी से सेवा के इस संकल्प को और मजबूत बनाए।
उन्होंने कहा कि ‘एक दीया-एक आशीर्वाद’ की भावना के साथ प्रज्वलित होने वाला प्रत्येक दीया सेवा, संकल्प, सकारात्मकता तथा देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की मंगलकामना का प्रतीक बनेगा। इस पहल से पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और युवाओं, सहकारी संस्थानों में सदस्यों एवं कर्मचारियों तथा जेल परिसरों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जोड़ा जाएगा।
पर्यटन विभाग द्वारा अभियान के तहत ‘सेवा के 25 वर्ष-हरियाणा पर्यटन की नई उड़ान’ थीम पर प्रमुख पर्यटन परिसरों में फोटो एवं डिजिटल प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें हरियाणा के पर्यटन विकास, धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों, सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले, कुरुक्षेत्र-ज्योतिसर, पिंजौर, मोरनी, धोसी पहाड़ी तथा फार्म एवं ग्रामीण पर्यटन की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा