‘खेलो मेवात’ से 906 राजकीय विद्यालयों में बढ़ेंगी खेल सुविधाएं
नूंह, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के राजकीय विद्यालयों में खेल सुविधाओं को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के उद्देश्य से मेवात विकास अभिकरण की ओर से ‘खेलो मेवात’ कार्यक्रम के तहत खेल सामग्री वितरित की गई। उपायुक्त एवं मेवात विकास अभिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल पिलानी की इस पहल के तहत जिले के पांच खंडों के कुल 906 राजकीय विद्यालयों को योजना में शामिल किया गया है।
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फिरोजपुर नमक में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं। राजकीय विद्यालयों में खेल सुविधाएं बेहतर होने से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे।
‘खेलो मेवात’ कार्यक्रम के तहत नूंह, तावड़ू, पुन्हाना, नगीना और फिरोजपुर झिरका खंडों के राजकीय विद्यालयों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के अनुसार 144 वरिष्ठ माध्यमिक एवं उच्च विद्यालयों, 258 मध्य विद्यालयों तथा 499 प्राथमिक विद्यालयों को खेल सामग्री देने का प्रावधान है। इस प्रकार कुल 906 विद्यालयों को योजना के दायरे में शामिल किया गया है।
खेल सामग्री वितरण के तहत अब तक वॉलीबॉल की 288 किट, वॉलीबॉल नेट की 144 किट, वॉलीबॉल पोल की 144 जोड़ी किट और फुटबॉल के साइज 4 एवं 5 की कुल 1,152 किट वितरित की गई हैं। विभागीय विवरण के अनुसार वॉलीबॉल और फुटबॉल की कुल 1,584 किट वितरित की गई हैं, जबकि अन्य सामग्री सहित कुल 1,872 वितरण इकाइयां दर्ज की गई हैं।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे लाना और विद्यालयों में खेल संस्कृति को मजबूत करना बताया। वहीं, मेवात विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों को नियमित खेल गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। शिक्षा के साथ खेलों को महत्व देने से विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया