हांसी : छात्रा मुस्कान ने बीसीए तृतीय सेमेस्टर में 99.2 प्रतिशत अंक लेकर किया यूनिवर्सिटी टॉप
हांसी कॉलेज के ही पिछले वर्षों के टॉपर विद्यार्थियों
के रिकॉर्ड को तोड़कर रचा इतिहास
हांसी, 16 जून (हि.स.)। हांसी गवर्नमेंट कॉलेज
की बीसीए द्वितीय वर्ष की छात्रा मुस्कान ने विश्वविद्यालय परीक्षा में 99.2 प्रतिशत
अंक प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
छात्रा मुस्कान ने पिछले दस वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए विश्वविद्यालय
स्तर पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर कॉलेज एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
इसके अतिरिक्त कॉलेज की छात्रा निशा ने 98.8 प्रतिशत
अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा अन्नू एवं सलोनी ने 92.9 प्रतिशत अंक प्राप्त कर
संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया है। विशेष उपलब्धि यह रही कि विश्वविद्यालय
की टॉप-10 मेरिट सूची में भी गवर्नमेंट कॉलेज, हांसी के मुस्कान, पंकज शर्मा, बंटी,
मानवी,भूमिका तथा चिराग ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए शीर्ष दस टॉप स्थानों पर
अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। गवर्नमेंट कॉलेज, हांसी के कंप्यूटर विभागाध्यक्ष
एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के नोडल अधिकारी डॉ. बंतासिंह जांगड़ा ने मंगलवार को
बताया कि विगत दस वर्षों से गवर्नमेंट कॉलेज, हांसी के विद्यार्थी निरंतर विश्वविद्यालय
में शीर्ष स्थान प्राप्त करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मुस्कान द्वारा प्राप्त
99.2 प्रतिशत अंक न केवल कॉलेज बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय हैं। यह उपलब्धि
विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा कॉलेज के उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण
का परिणाम है।
विभागाध्यक्ष डॉ. बंतासिंह जांगड़ा ने कहा कि
गवर्नमेंट कॉलेज, हांसी इस क्षेत्र में कंप्यूटर पाठ्यक्रमों के लिए एक प्रतिष्ठित
शैक्षणिक संस्थान के रूप में स्थापित हो चुका है। कॉलेज के पासआउट विद्यार्थी विभिन्न
क्षेत्रों में नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं, जो संस्थान के लिए गर्व और गौरव
का विषय है। उन्होंने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने
के साथ-साथ उनके करियर निर्माण एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध
है तथा विद्यार्थियों के प्लेसमेंट में शत-प्रतिशत सहायता प्रदान करता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर