हिसार : बरवाला की बदहाल व्यवस्था पर गरजी बसपा, प्रशासन को बताया नाकाम

 


हिसार, 20 अप्रैल (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने बरवाला क्षेत्र की बदहाल स्थिति और लगातार बढ़ती जनसमस्याओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। पदाधिकारियों ने साेमवार काे बैठक करके आरोप लगाया कि बरवाला क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव अब प्रशासन की लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता का सीधा प्रमाण बन चुका है।बैठक में पेयजल संकट, सीवरेज ओवरफ्लो, गंदे पानी की निकासी, टूटी सड़कें, सफाई व्यवस्था की बिगड़ी हालत और वार्ड स्तर पर लगातार उपेक्षा जैसे मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि जनता रोजाना इन समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदकर बैठे हैं।बैठक के दौरान बहुजन समाज पार्टी के संगठन को बूथ स्तर से लेकर सेक्टर और वार्ड स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हर बूथ और सेक्टर पर संगठन को सक्रिय किया जाए, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जाएं और जनसंपर्क अभियान को तेज किया जाए, ताकि जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जा सके।इस अवसर पर मुख्य वक्ता बसपा के प्रदेश महासचिव महेंद्र सिंह धनिया ने कहा कि बरवाला क्षेत्र की स्थिति बेहद चिंताजनक है और प्रशासन पूरी तरह से अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संबंधित विभागों को अपनी जवाबदेही तय करनी होगी। प्रवक्ता पवन बलराज सातरोड़ ने कहा कि बरवाला में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि आम आदमी को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति सीधे तौर पर प्रशासन की विफलता को दर्शाती है। बैठक में डॉ. मुकेश सभरवाल, जिला कोषाध्यक्ष रामकिशन प्रजापति, बरवाला विधानसभा अध्यक्ष हंसराज नयाणा, बरवाला हलका उपाध्यक्ष संदीप मिर्जापुर व विकास सातरोड़ सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर